Patiala/16 April
सेवियर क्लब (रजि.) पटियाला ने वातावरण को साफ़-सुथरा रखने की अपनी मुहिम को लगातार जारी रखा हुआ है। क्लब की ओर से नाभा रोड पर अबलोवाल से भाखड़ा नहर तक जाने वाले रजवाहे को साफ़ रखने के उद्देश्य से एक चेतावनी बोर्ड इंस्टॉल किया गया है।इस बोर्ड के माध्यम से लोगों से अपील की गई है कि वे रजवाहे के अंदर या बाहर कूड़ा-करकट न डालें, किसी भी तरह के वाहन या रेहड़ी आदि वहां खड़ी न करें और साफ़ वातावरण बनाए रखने की अपनी ज़िम्मेदारी को समझें।
क्लब के मेंबरों ने आसपास रहने वाले लोगों से भी गुज़ारिश की है कि रजवाहे के किनारे आवारा पशुओं को खाने-पीने की चीज़ें न डाली जाएं। बल्कि लोगों को चाहिए कि ऐसे पशुओं को स्थायी तौर पर गौशाला में शिफ्ट करने के लिए प्रशासन से दरख़्वास्त करें। इस मामले में हो रही ताख़ीर के कारण किसी भी वक़्त कोई बड़ा हादसा पेश आने का ख़तरा बना हुआ है।
क्लब के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मसले को तरजीह के आधार पर हल किया जाए। इस जागरूकता बोर्ड को लगाने के दौरान पवन गर्ग, चमन शर्मा, राज सिंह, परमवीर सिंह सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
यहाँ क़ाबिले-ज़िक्र है कि सेवियर क्लब (रजि.) की ओर से रजवाहे को एक खूबसूरत सैरगाह में तब्दील करने के लिए भी लगातार कोशिशें की जा रही हैं। इसके साथ-साथ रजवाहे पर हर हफ्ते सफ़ाई मुहिम भी चलाई जाती है।
